सद्भावना आवाज़
अंकिता त्रिपाठी
बलरामपुर।
उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए बलरामपुर के कुख्यात डकैत राहुल गुप्ता को महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तार कर लिया है। राहुल गुप्ता पर बलरामपुर में डकैती के मामले में 50,000 रुपये का ईनाम घोषित था। उसे 10 सितंबर 2024 को कोल्हापुर के कस्बा बावड़ा स्थित सुगरमील चौक के पास एक बस स्टॉप से गिरफ्तार किया गया। इस अभियान में क्राइम ब्रान्च कोल्हापुर का भी सहयोग रहा और एसटीएफ की टीम ने अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। राहुल गुप्ता बलरामपुर के थाना रेहरा बाजार में 5 सितंबर 2022 को हुई एक बड़ी डकैती का मुख्य आरोपी था। उस घटना में, राहुल और उसके चार साथियों ने दो मोटर साइकिलों पर सवार होकर एक जनसेवा केंद्र पर धावा बोल दिया और कट्टा दिखाकर 70 हजार रुपये की लूट की थी। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन राहुल गुप्ता फरार हो गया था।
इसे पढें: https://sadbhavnaawaj.com/carrom-board-inter-house-competition-organized-in-disney-world-school/
इसे पढें: https://sadbhavnaawaj.com/target-to-reduce-infant-and-maternal-mortality-cmo/
अपराधी ने कबूला अपना अपराध
गिरफ्तारी के बाद की गई पूछताछ में राहुल ने स्वीकार किया कि वह एक संगठित अपराधी गिरोह का सदस्य है, जो लंबे समय से चोरी, लूटपाट और डकैती जैसी अपराधों में लिप्त रहा है। उसने बताया कि 5 सितंबर 2022 की सुबह, वह अपने साथियों रमेश, सुभाष, डाक्टर और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर जनसेवा केंद्र में डकैती की थी और प्राप्त राशि को आपस में बांट लिया था। घटना के बाद वह मुंबई भाग आया और छिपकर रहने लगा था।
कोल्हापुर कोर्ट में पेशी, बलरामपुर की तैयारी
राहुल गुप्ता को कोल्हापुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की ट्रांजिट रिमांड पर उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है। बलरामपुर पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ दर्ज मामलों में विधिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है। राहुल गुप्ता के खिलाफ बलरामपुर के अलावा अन्य जिलों में भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें डकैती, चोरी और धोखाधड़ी जैसे अपराध शामिल हैं।