बलरामपुर। मुख्यमंत्री ने आदर्शनगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू और भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्र से मुलाकात कर नगर के विकास और संगठन को मजबूत करने पर महत्वपूर्ण चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने नगर की सभी सड़कों को चौड़ा करने का प्रस्ताव तुरंत भेजने के आदेश दिए। इसके साथ ही 18 वार्डों में सीवर लाइन और एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) के विस्तार को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए। बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए मुख्यमंत्री ने सभी तारों को अंडरग्राउंड करने और झूलते तार हटाने के आदेश दिए, ताकि नगर की बिजली आपूर्ति सुरक्षित और व्यवस्थित हो सके। इसके अलावा, शहर के चारों ओर भव्य गेट और सुंदर विद्युत पोल लगाने के भी निर्देश दिए गए, जिससे शहर की सुंदरता और पहचान को नया रूप मिल सके।
भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने भाजपा संगठन को मजबूत करने पर भी खास जोर दिया। इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्र ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी, मंडल अध्यक्ष और जिला पदाधिकारियों के बीच तालमेल बनाकर संगठन को गतिशील बनाया जाएगा। साथ ही अटल भवन भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं का सम्मान और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। मुख्यमंत्री के इन निर्देशों से नगर के विकास कार्यों में तेजी आने और संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।