प्रतापगढ़ । नगर पंचायत कुंडा स्थित बजरंग महाविद्यालय में शनिवार को आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में 101 दूल्हों की एक साथ निकली बारात लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। आतिशबाजी, डीजे और मंगल गीतों के बीच नगर भ्रमण करते हुए बारात जब विवाह स्थल पहुंची तो नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इस अनोखे नजारे को देखने के लिए उमड़ पड़े। कार्यक्रम का आयोजन योगीराज देवरहा बाबा चैरिटेबल ट्रस्ट और राजा भइया यूथ ब्रिगेड के सहयोग से किया गया।समारोह कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह के निर्देशन में आयोजित हुआ। बजरंग महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर राजा भइया, एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह, बाबागंज विधायक विनोद सरोज सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दूल्हों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

गरीब बेटियों की शादी का संकल्प
इसके बाद विद्वान पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी जोड़ों का धार्मिक रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया। कार्यक्रम में पहुंचे हजारों बारातियों और अतिथियों को पंगत में बैठाकर भोजन भी कराया गया।बताया जाता है कि वर्ष 1993 में पहली बार विधायक बनने के बाद राजा भइया ने गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह कराने का संकल्प लिया था, जिसे वे लगातार निभा रहे हैं। शुरुआत में 25 जोड़ों का विवाह कराया गया था, जो समय के साथ बढ़कर अब 101 जोड़ों तक पहुंच गया है। इस वर्ष के सामूहिक विवाह में 15 जातियों के 101 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।सामूहिक विवाह में शामिल होने के लिए गरीब परिवारों को पहले आवेदन करना पड़ता है।

15 जातियों के 101 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
पात्रता की जांच के बाद नाम दर्ज किए जाते हैं और यदि आवेदन अधिक होते हैं तो लॉटरी के माध्यम से 101 कन्याओं का चयन किया जाता है। विवाह के बाद सभी नवविवाहित जोड़ों को उपहार स्वरूप गहने, गैस चूल्हा, बेड, आलमारी, श्रृंगारदान, बर्तन, साइकिल सहित दैनिक उपयोग की कई वस्तुएं देकर विदा किया जाता है।समारोह में हजारों लोगों के ठहरने और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई थी। सभी दूल्हों और दुल्हनों को पहचान के लिए अलग-अलग नंबर दिए गए और उनके ठहरने के लिए अलग-अलग कमरे उपलब्ध कराए गए। देर रात तक लोकनृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

