गोंडा। जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में 28 अप्रैल को सर्राफा व्यापारी राजन सोनी से दिनदहाड़े लूट हुई थी। घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी करनैलगंज कोतवाली पुलिस और पांच अन्य टीमें इस मामले का खुलासा नहीं कर पाई हैं।लूटकांड का खुलासा न होने से पीड़ित व्यापारी राजन सोनी और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है। करनैलगंज कोतवाली पुलिस और अन्य टीमों ने अब तक लगभग 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। इन फुटेज के आधार पर कई संदिग्धों की पहचान कर जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक पुलिस को कोई ठोस सफलता नहीं मिली है।
250 CCTV कैमरे किए गए चेक
इस मामले में सर्विलांस टीम की भी मदद ली जा रही है, जो घटना स्थल पर सक्रिय मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने इस लूटकांड के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें गठित की हैं।ये टीमें गोंडा के साथ-साथ पड़ोसी जिलों के अपराधियों पर भी नजर रख रही हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि कहीं इन्हीं अपराधियों ने गोंडा में भी किसी घटना को अंजाम तो नहीं दिया है सभी इस तरीके की घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों की जांच की जा रही है।
दुकान पर जाते समय दिनदहाड़े हुई थी लूट
वहीं, करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही इस लूटकांड का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरे देखे गए हैं और पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
