बलरामपुर। सेंट जेवियर्स स्कूल में शुक्रवार को मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता और कला का प्रदर्शन करते हुए हाथों पर एक से बढ़कर एक आकर्षक मेहंदी डिजाइन उकेरे। प्रतियोगिता में छात्राओं का उत्साह देखते ही बना।विद्यालय में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देना और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना रहा। कार्यक्रम का आयोजन कंचन श्रीवास्तव के निर्देशन में किया गया। विद्यालय के प्रिंसिपल कृष्ण मोहन और डायरेक्टर सुयश आनंद ने आयोजन को लेकर छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।प्रतियोगिता में छात्राओं ने पारंपरिक, आधुनिक और कलात्मक डिजाइनों के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाई। किसी ने बारीक बेल-बूटों से हाथ सजाए तो किसी ने आकर्षक आकृतियों और पैटर्न से अपनी कला का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में नूर फातिमा, अरीबा खान, अनामिका, परवीन, खुशनुमा, शिफा, तस्मीन, सांभवी, अर्चना, रुहमा, आराध्या, अनुष्का, भूमिका, वर्तिका, आफिया, वैष्णवी, तन्वी, समृद्धि, शिद्रा, परी और जारा समेत कई छात्राओं ने हिस्सा लिया।

लिली हाउस ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के परिणामों में लिली हाउस ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी। वहीं ट्यूलिप हाउस दूसरे स्थान पर रहा। जबकि लैवेंडर हाउस और ऑर्किड हाउस को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान मिला।निर्णायक मंडल में कोऑर्डिनेटर रेखा ठाकुर और इंदु गुप्ता शामिल रहीं। उन्होंने छात्राओं की मेहंदी की सुंदरता, डिजाइन की बारीकी और रचनात्मकता के आधार पर मूल्यांकन किया।
रचनात्मकता से बढ़ता है आत्मविश्वास
विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं पुष्पा यादव, यतिबंका, ज्योति तिवारी, रिचा अग्रवाल, रुबीना और आकांक्षा मैम का विशेष सहयोग रहा।

