सीतापुर। सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। थानगांव थाना क्षेत्र में चहलारी घाट से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का डीजे वाहन हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। वाहन में करंट दौड़ने से दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेउसा में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, थानगांव क्षेत्र के पासीनपुरवा निवासी संतोष और छेदपुरवा निवासी गुड्डू अपने साथियों के साथ रेउसा स्थित चहलारी घाट से गंगाजल लेने गए थे। सभी डीजे वाहन पर सवार होकर शिवभक्ति के जयकारे लगाते हुए लौट रहे थे। गांव के पास एक पुल के निकट पहुंचते ही वाहन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। देखते ही देखते पूरे वाहन में करंट फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तीन गंभीर झुलसे
करंट की चपेट में आने से संतोष और गुड्डू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य कांवड़िए गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल सीएचसी रेउसा पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन घायलों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

