बलरामपुर। वर्षों पुराने और जर्जर हो चुके नगर पंचायत कार्यालय भवन को अब नया रूप देने की कवायद शुरू हो गई है। नगर के बीचों-बीच स्थित पुराने भवन के ध्वस्तीकरण का काम शुक्रवार से शुरू कर दिया गया। भवन हटाने के बाद इसी स्थान पर करीब 1.50 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक नगर पंचायत कार्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा।पुराने भवन की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई थी। दीवारों में दरारें, भवन की कमजोर स्थिति और सीमित जगह के कारण कर्मचारियों के साथ-साथ अपनी समस्याएं लेकर नगर पंचायत पहुंचने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बारिश के मौसम में भवन की स्थिति और खराब हो जाती थी। सुरक्षा को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने नए भवन निर्माण की योजना तैयार की।
अस्थायी भवन में शिफ्ट हुआ कार्यालय
नगर पंचायत प्रशासन ने निर्माण कार्य शुरू होने से पहले कार्यालय को अस्थायी भवन में स्थानांतरित कर दिया है, ताकि आम लोगों को मिलने वाली सेवाएं प्रभावित न हों। शुक्रवार को पुराने भवन को तोड़ने के साथ ही मलबा हटाने का काम भी शुरू कर दिया गया।नगर पंचायत अधिकारियों ने बताया कि ध्वस्तीकरण का कार्य पूरा होने के बाद निर्माण एजेंसी द्वारा नए भवन का निर्माण शुरू कराया जाएगा। निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की तैयारी की जा रही है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया भवन
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अदनान फिरोज ने बताया कि नया कार्यालय भवन नगरवासियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा। इसमें कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्यस्थल, लोगों के बैठने की व्यवस्था और नगर पंचायत से जुड़े कार्यों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।उन्होंने कहा कि पुराने भवन के स्थान पर बनने वाला नया कार्यालय नगर के विकास कार्यों को गति देने में भी सहायक होगा। बेहतर कार्यालय व्यवस्था होने से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, शिकायतों के निस्तारण और अन्य नगर पंचायत संबंधी कार्यों के लिए आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।
नगरवासियों को मिलेगी राहत
नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि नया भवन बनने के बाद कार्यालय की कार्यप्रणाली और अधिक व्यवस्थित होगी। वर्षों से जर्जर भवन में काम करने की समस्या से कर्मचारियों को राहत मिलेगी, वहीं नगरवासियों को भी सुविधाजनक माहौल मिलेगा। पुराने भवन के स्थान पर बनने वाला नया कार्यालय तुलसीपुर नगर के विकास की नई तस्वीर पेश करेगा।

