गोंडा ।
जनपद के करनैलगंज में पुल क्षतिग्रस्त होने के चलते बहराइच वासियों के लिए भी समस्या खड़ी हो गई है। गोंडा से आने वाले भारी वाहन लखनऊ मार्ग पर जाम का सबब बन रहे हैं। बुधवार को हुजूरपुर और लखनऊ मार्ग पर घंटों जाम लगा रहा। इससे लोगों को समस्या हुई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। करनैलगंज मार्ग पर पुल 15 दिनों पहले क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसके चलते गोंडा से बहराइच अब सीधे भार वाहन नहीं आ रहे हैं। भार वाहन हुजूरपुर और कैसरगंज मार्ग से लखनऊ जा रहे हैं।
हुजूरपुर-कैसरगंज सिंगल लाइन है, जिस कारण जाम लग रहा है। बुधवार को गोंडा से और लखनऊ से भार वाहन इस मार्ग पर पहुंच गए। कोई वाहन सड़क से नीचे नहीं उतार रहा था। इसके चलते जाम लग गया। जिस कारण लखनऊ मार्ग पर भी एक किलोमीटर तक जाम लग गया।इससे रोडवेज बस, प्राइवेट बस और चार पहिया वाहन के यात्री काफी परेशान दिखे। कैसरगंज के प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह ने बताया कि पुलिस टीम की मदद से भार वाहन को अलग हटवाया गया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका। हालांकि इस दौरान दो घंटे से अधिक समय तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री काफी परेशान रहे।


