अयोध्या।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि भाजपा शासित प्रदेशों की तरह उत्तर प्रदेश में भी शीघ्र समान नागरिक संहिता लागू होगी। उन्होंने कहा कि देशवासियों से किए गये तीन वादों में दो भाजपा की केंद्र सरकार ने पूरे कर दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कश्मीर में अनुच्छेद 370 व 35 ए को खत्म कर एक देश में दो विधान एवं दो निशान की व्यवस्था समाप्त कर दी है। अयोध्या में राम मंदिर का भी निर्माण हो रहा है और 2024 में रामलला भी मूल स्थान पर विराजित हो जाएंगे।
अयोध्या में एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में शुक्रवार को उन्होंने कहा कि तीसरा वादा समान नागरिक संहिता को लागू करने का है, इसकी भी तैयारी की जा रही है। मौर्य ने कहा कि किसी राजनीतिक दल को किसी भी धर्मग्रंथ पर सवाल उठाने का अधिकार नहीं है। यह विषय धर्माचार्यों का है। स्वामी प्रसाद मौर्य सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भोंपू हैं और उन्हीं के इशारे पर अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं।उन्होंने सपा प्रमुख को सलाह दी कि रामद्रोही बनने व रामभक्तों को गाली देने से उनका भला नहीं होने वाला है। कभी कांग्रेस ने भगवान राम और रामसेतु के अस्तित्व पर सवाल उठाया था और अब कांग्रेस का अस्तित्व ही नहीं रह गया है।


