सीतापुर ।
सड़क पर खड़ी बाइक में अचानक आग लगने से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दुकानदार दुकान बंद कर दूर भागते हुए नजर आए। इसी बीच चौकी इंचार्ज प्रदीप दुबे ने बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
यह घटना शहर कोतवाली इलाके की हैं। यहां आंख अस्पताल चौराहे से लालबाग जाने वाले मार्ग पर गांधी पार्क के पास एक बाइक खड़ी थी। बीती देर रात बाइक में अचानक आग लग गयी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक को स्टार्ट करने के दौरान शार्ट सर्किट से आग लग गयी। बाइक में आग लगने से बाइक सवार मौके से भाग निकला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
वहीं चौकी इंजार्च ने सक्रियता दिखाते हुए होटल से पानी से भरी बाल्टी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिस ने बाइक के चेचिस नंबर से बाइक स्वामी का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन किसी प्रकार की कोई जानकारी नहीं मिल पाई। पुलिस जांच कर रही है।

