गोरखपुर
सीएम योगी 8 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर सहजनवां आएंगे। जहां भोलाराम मस्करा इंटकॉलेज में बनने वाले स्टेडिएम का शिलान्यास करेंगे। 3 एकड़ एरिया में बनने वाला यह स्टेडियम करीब 10.43 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा। इसे लेकर अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी है।दरअसल, प्रदेश सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए तहसील स्तर पर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। सहजनवां तहसील में स्टेडियम के लिए दी महाबीर जूट मिल्स के बगल में स्थित भोला राम मस्करा इंटर काॅलेज के खेल के मैदान का चयन किया गया है। इंटर काॅलेज की खाली पड़ी 2.146 हेक्टेयर यानी करीब तीन एकड़ जमीन पर ग्रामीण स्टेडियम के निर्माण के लिए महानिदेशक युवा कल्याण विभाग ने हरी झंडी दी है।स्टेडियम के निर्माण के लिए 10 करोड़ 43 लाख 75 हजार रुपये अवमुक्त करते हुए यूपीपीसीएल को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। कार्यदायी संस्था का चयन होने का बाद निर्माण कार्य शुरू करने लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से समय भी मिल चुका है। 8 अप्रैल यानि शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहजनवां आएंगे और स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गईं हैं।इसे लेकर डीएम करुणेश कृष्णा के नेतृत्व में अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान हेलीपैड, पूजन स्थल, मंच स्थल को देखे और कॉलेज प्रबंधन के साथ बैठक कर तैयारियां जांचीं। इसके साथ ही सीएम योगी यहां कई अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, अभी उनका बाकी का कार्यक्रम तय नहीं है।

