गोंडा। जिले में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे हटाने का अभियान लगातार जारी है इसी क्रम में आज सोमवार को गिर्द गोंडा के मेवतियान मोहल्ले में सरकारी तालाब की लगभग तीन बिस्वा जमीन को बुलडोजर के माध्यम से अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।इस जमीन पर अवैध रूप से प्लाटिंग की तैयारी की जा रही थी। अवैध कब्जेदारों ने तालाब की इस जमीन को अपने नाम करवा लिया था और प्लाटिंग के लिए बड़े-बड़े पिलर लगा रखे थे। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया था, लेकिन कब्जा करने वाले मानने को तैयार नहीं थे। इसके बाद सभासद आफताब तन्हा ने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन से इस मामले की शिकायत की। जिलाधिकारी ने एक कमेटी गठित कर जांच कराई, जिसमें पाया गया कि यह सरकारी तालाब की जमीन है और इस पर अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही थी।जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्काल राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर के माध्यम से अवैध कब्जा हटवाया। प्लाटिंग के लिए लगाए गए पिलर भी तोड़ दिए गए।
पिलर लगाकर कर रहे थे प्लाटिंग की तैयारी
अवैध कब्जा मुक्त होने के बाद अब जेसीबी के माध्यम से तालाब की खुदाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। सरकारी तालाब को पुनः जीवित करने का प्रयास किया जा रहा है। सदर तहसीलदार मनीष ने बताया कि तालाब की जमीन को सुरक्षित किया जा रहा है और सभी अवैध कब्जे हटा दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई दोबारा कब्जा करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों को अपनी जमीन होने का दावा है, वे अपनी जमीन की नपाई करवा सकते हैं, लेकिन सरकारी तालाब की जमीन सुरक्षित की जाएगी। शिकायत के बाद कार्रवाई जारी रहेगी।

