बलरामपुर। शहर की पहचान सिर्फ इमारतों और सड़कों से नहीं, बल्कि यहां की नदियों, तालाबों, हरियाली और ऐतिहासिक विरासत से भी होती है। इसी सोच के साथ सुआव पुल के सौंदर्यीकरण कार्य का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के सदस्य न्यायमूर्ति डॉ. अफरोज अहमद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर सौंदर्यीकरण कार्य जनता को समर्पित किया। समारोह में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में केवल सौंदर्यीकरण की चर्चा नहीं हुई, बल्कि सुआव नाले को फिर से नदी का दर्जा दिलाने, रिवर फ्रंट, मरीन ड्राइव और बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित करने जैसे प्रस्तावों ने भी लोगों का ध्यान खींचा।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने अपने संबोधन में शहर के विकास में साथ देने वाले सदर विधायक पल्टूराम और जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने का काम किसी एक व्यक्ति के प्रयास से पूरा नहीं हो सकता। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों को कदम से कदम मिलाकर चलना होगा। उन्होंने कहा कि सुआव पुल का सौंदर्यीकरण इसी साझा प्रयास का हिस्सा है। नगर पालिका आगे भी शहर के प्रमुख स्थलों को बेहतर बनाने और नागरिकों को अच्छी सुविधाएं देने के लिए काम करती रहेगी।

अपने संबोधन के दौरान धीरू ने राजनीतिक संदेश भी दिया। उन्होंने मौजूद लोगों से कहा कि आने वाले समय में भी सदर विधायक के रूप में पल्टूराम का सहयोग मिलता रहे, ऐसी उनकी अपेक्षा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पल्टूराम तीसरी बार सदर विधायक बनकर क्षेत्र के विकास में उनका साथ देंगे और सभी मिलकर बलरामपुर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। धीरू ने एनजीटी सदस्य न्यायमूर्ति डॉ. अफरोज अहमद का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सुआव नाले को नदी का दर्जा दिलाने और इसके विकास की दिशा में उनके प्रयासों से जनपद को नई पहचान मिल सकती है।
सदर विधायक पल्टूराम ने अपने संबोधन में पिछली सरकारों और मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि पहले विकास योजनाओं के लिए बजट स्वीकृत होने के बावजूद कई बार काम जमीन पर दिखाई नहीं देता था। उनका आरोप था कि पहले कुछ प्रभावशाली लोगों तक ही विकास योजनाओं का लाभ सीमित रह जाता था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बलरामपुर में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और नए काम धरातल पर उतर रहे हैं। विधायक ने कहा कि पहले बलरामपुर विकास की प्राथमिकता में पीछे रह जाता था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में जनपद को विकास योजनाओं में महत्व मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के बाद मुख्यमंत्री ने बलरामपुर को अपना गृह जनपद मानने की बात कही है और इसका असर विकास कार्यों में भी दिखाई दे रहा है।

एनजीटी सदस्य न्यायमूर्ति डॉ. अफरोज अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि बलरामपुर के जनप्रतिनिधि लगातार पत्राचार और बातचीत के माध्यम से यहां के विकास और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दों को उनके सामने उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और क्षेत्र के विकास को लेकर उनकी चिंता के चलते सुआव नदी सहित कई विषयों पर गंभीरता से विचार करने का अवसर मिला। उन्होंने नदियों और प्राकृतिक जलस्रोतों के महत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि नदियां केवल पानी का स्रोत नहीं, बल्कि किसी भी शहर की पहचान, पर्यावरण और जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा होती हैं। नदियों का विस्तार, उनका प्राकृतिक स्वरूप और आसपास की जैव विविधता सुरक्षित रखना आज के समय की बड़ी जरूरत है।
न्यायमूर्ति अफरोज अहमद ने बलरामपुर को तालाबों का शहर बताते हुए कहा कि इस जनपद से उनका भावनात्मक और जमीनी जुड़ाव है। यहां के तालाब, जंगल और ऐतिहासिक विरासत इसकी सबसे बड़ी पहचान हैं। जरूरत इस बात की है कि इन प्राकृतिक धरोहरों को सुरक्षित रखते हुए उनका बेहतर विकास किया जाए। उन्होंने कहा कि वह बलरामपुर को केवल समस्याओं के लिए पहचाने जाने वाले जनपद के रूप में नहीं, बल्कि अपनी प्राकृतिक संपदा और बेहतर विकास मॉडल के लिए पहचान दिलाना चाहते हैं। इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पर्यावरण संरक्षण और जनपद के विकास के लिए उनके स्तर से जो भी संभव होगा, वह प्रयास करेंगे।

हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत महेंद्र दास ने अपने संबोधन में बलरामपुर को मंदिरों का शहर और छोटी काशी बताते हुए इसकी धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने की बात कही। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष धीरू की सराहना करते हुए कहा कि शहर की सेवा और विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
महंत महेंद्र दास ने कहा कि बलरामपुर का विकास काशी की तर्ज पर होना चाहिए, जिससे इसकी धार्मिक पहचान के साथ पर्यटन और नागरिक सुविधाओं को भी बढ़ावा मिले। उन्होंने सुआव नदी के विकास के लिए मरीन ड्राइव और रिवर फ्रंट बनाने की मांग उठाई। इस प्रस्ताव पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि यदि शहर के धार्मिक स्थलों, तालाबों और प्राकृतिक धरोहरों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाए तो बलरामपुर को एक नई पहचान मिल सकती है।

क्लीन गंगा अभियान से बजट, रिवर फ्रंट और बायोडायवर्सिटी पार्क की उम्मीद
मीडिया से बातचीत के दौरान न्यायमूर्ति अफरोज अहमद ने सुआव नाले को फिर से नदी के रूप में स्थापित करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्लीन गंगा अभियान के तहत इसके विकास के लिए बजट उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किया जा सकता है। यदि योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए तो सुआव नदी को सुंदर स्वरूप देने के साथ यहां रिवर फ्रंट और बायोडायवर्सिटी पार्क भी विकसित किया जा सकता है। इससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरियाली और जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि बलरामपुर के पास प्राकृतिक संसाधनों की कमी नहीं है। जरूरत है एक बेहतर विजन और सामूहिक प्रयास की। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इच्छाशक्ति और सहयोग से इस दिशा में काफी कुछ किया जा सकता है।

कार्यक्रम में गेल्हापुर के महंत बृजानंद जी महाराज, देवीपाटन पीठ के महंत मिथिलेश नाथ योगी, सदर विधायक पल्टूराम सहित कई जनप्रतिनिधि और संत-महात्मा मौजूद रहे। इसके अलावा अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य, चंद्र प्रकाश सिंह गुड्डू, बृजेन्द्र तिवारी, डीपी सिंह बैस, संजय शर्मा, संजय शुक्ल, विजय अग्रवाल, ताराचंद्र अग्रवाल, मंजू तिवारी, साधना पाण्डेय, आनंद स्वरूप श्रीवास्तव, निशांत सिंह, पुनीत पहवा, भूपेंद्र सिंह, डीएन सिंह, अविनाश यादव, धर्मेंद्र गौड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


