लखनऊ । ठाकुरगंज क्षेत्र में हनी ट्रैप के जरिए किशोरों को फंसाकर रंगदारी वसूलने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने गिरोह की सरगना आतिका सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर नैनीताल ले जाने, दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है।
नाबालिग को बहला-फुसलाकर नैनीताल ले गई आरोपी
मामले के अनुसार, आरोपी आतिका सिद्दीकी ने ठाकुरगंज इलाके के 16 वर्षीय किशोर को अपने जाल में फंसाया और उसे बहला-फुसलाकर नैनीताल ले गई। वहां कई दिनों तक उसे अपने कब्जे में रखा गया।
अश्लील वीडियो बनाकर मांगी 25 लाख की रंगदारी
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी ने किशोर के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाकर उसका अश्लील वीडियो तैयार किया। इसके बाद वीडियो परिवार को भेजकर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई।

परिवार की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़ित परिवार ने ठाकुरगंज थाने में दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और रंगदारी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। मामले को लेकर परिवार ने मुख्यमंत्री से भी सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
आरोपी का पलटवार, आरोप निकले फर्जी
जांच के दौरान आरोपी आतिका ने खुद को बचाने के लिए नाबालिग, एक पत्रकार और दो अन्य लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। हालांकि पुलिस जांच में ये आरोप फर्जी पाए गए।
पुलिस ने दबिश देकर किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और कई लोगों द्वारा रंगदारी मांगने की घटनाओं के वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई तेज की। शनिवार को आरोपी आतिका सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस अब हनी ट्रैप गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
