गोंडा। देश भर के मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आज रविवार को गोंडा जिले के भी 13 परीक्षा केंद्रों पर NEET-UG परीक्षा का आयोजन किया गया है। इस परीक्षा में 3917 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।परीक्षा आज दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक दूसरी पाली में आयोजित की गई है। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की लंबी कतारें देखी गईं जहां सघन चेकिंग के बाद ही उन्हें प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। परीक्षा केंद्र के गेट से लेकर परीक्षा कक्ष तक तीन-स्तरीय चेकिंग की व्यवस्था की गई है।बायोमेट्रिक पुष्टि होने के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर जाने की अनुमति मिल रही है। किसी भी परीक्षार्थी को कोई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या अन्य कोई सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं है। केवल एडमिट कार्ड, परिचय पत्र, पेन और कुछ पैसे साथ ले जाने की छूट दी गई हैयह परीक्षा 720 अंकों की होगी, जिसमें कुल 180 प्रश्न पूछे जाएंगे।
3917 परीक्षार्थी परीक्षा में हो रहे शामिल
इनमें बायोलॉजी के 90 प्रश्न, जबकि फिजिक्स और केमिस्ट्री के 45-45 प्रश्न शामिल हैं। परीक्षार्थियों को 3 घंटे में इन सभी प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि सभी 13 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी गड़बड़ी की शिकायत पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।यातायात विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं ताकि परीक्षार्थियों को आवागमन में कोई दिक्कत न हो और परीक्षा केंद्रों के पास जाम की स्थिति न बने। सभी परीक्षा केंद्र शहर में ही बनाए गए हैं, जिससे परीक्षार्थियों को सुविधा मिल सके।

