बलरामपुर। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी नई समय सारिणी जनपद के 1814 परिषदीय विद्यालयों में लागू कर दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शुभम शुक्ल ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। विद्यालयों में कक्षावार और विषयवार टाइम-टेबल बनाकर उसी के अनुसार नियमित पठन-पाठन पर जोर दिया है।बीएसए ने बताया कि नई समय सारिणी का उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षण कार्य को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी और परिणाम देने वाला बनाना है। उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक कक्षा में 40 मिनट का पीरियड होगा, जिसमें शिक्षक बच्चों को पढ़ाने के साथ-साथ पूर्व में पढ़ाए गए पाठ का रिवीजन भी कराएंगे, जिससे बच्चों की समझ मजबूत हो सके। प्राथमिक विद्यालयों में भाषा और गणित पर विशेष जोर दिया जाएगा।
मध्याह्न भोजन का समय तय
वहीं, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में गणित, अंग्रेजी और विज्ञान विषय का प्रतिदिन कम से कम एक पीरियड अनिवार्य रूप से संचालित किया जाएगा। बीएसए ने कहा कि इन विषयों में बच्चों की नींव मजबूत करना विभाग की प्राथमिकता है। शिक्षक संघ के पदाधिकारी तुलाराम गिरि ने बताया कि विद्यालयों में तय समय सारिणी से ही पढ़ाई कराई जा रही है।
नोटिस बोर्ड पर लगेगा टाइम टेबल
विद्यालयों में मध्याह्न भोजन के लिए 30 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। इस दौरान बच्चों को अनुशासित तरीके से बैठाकर भोजन कराया जाएगा और उसके बाद पुनः कक्षा में भेजा जाएगा, ताकि पढ़ाई बाधित न हो। प्रत्येक विद्यालय अपनी समय सारिणी को नोटिस बोर्ड पर अनिवार्य रूप से चस्पा करें, ताकि अभिभावक और निरीक्षण अधिकारी आसानी से जानकारी प्राप्त कर सकें। साथ ही इसका मुद्रण कंपोजिट स्कूल ग्रांट से कराया जाएगा। बीएसए ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे और समय सारिणी के पालन की जांच करेंगे। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित प्रधानाध्यापक व शिक्षक पर कार्रवाई की जाएगी।

