बलरामपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं एसजीएफआई के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को उतरौला के एचआरए इंटर कॉलेज में आयोजित मंडलीय शतरंज प्रतियोगिता में बलरामपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद की देखरेख में हुई प्रतियोगिता में तीनों जिलों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता के सब जूनियर (अंडर-14) बालक वर्ग में बलरामपुर की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए बहराइच को 4-0 से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग में बहराइच की टीम 4-0 से विजयी रही।जूनियर (अंडर-17) बालक वर्ग में बहराइच ने बलरामपुर को 3-2 से हराकर जीत दर्ज की, जबकि बालिका वर्ग में बहराइच की टीम ने 4-0 से मुकाबला अपने नाम किया।सीनियर (अंडर-19) बालक वर्ग में बलरामपुर के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 5-0 से जीत हासिल की। वहीं सीनियर बालिका वर्ग में भी बलरामपुर की टीम 4-0 से विजेता रही।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को शील्ड और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजक विद्यालय के प्रबंधक अंसार अहमद खान ने सफल आयोजन के लिए सभी व्यायाम शिक्षकों और जिला चयन समिति का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक के मार्गदर्शन में जिले के विद्यालयों में खेल गतिविधियों को बेहतर तरीके से बढ़ावा दिया जा रहा है।
प्रदेशीय प्रतियोगिता के लिए चुने गए खिलाड़ी
जिला क्रीड़ा सचिव मो. सुहेल ने बताया कि मंडलीय टीम के लिए तीनों जिलों के खिलाड़ियों का चयन विशेषज्ञों की टीम ने किया है। चयनित खिलाड़ी आगामी 15 से 18 अक्टूबर तक अलीगढ़ में आयोजित होने वाली प्रदेशीय शतरंज प्रतियोगिता में देवीपाटन मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।चयनित खिलाड़ियों में गगन मिश्रा, मो. हमजा, सक्षम कसौधन, चमन नाथ, काव्या मोहन, आस्था सोनी, आरती गुप्ता, आशा, मुजाहिद रजा, दिव्यांश चौरसिया, सूर्यांश शुक्ला, उमंग सिंह, महक यादव, ऋषि त्रिपाठी, रेशमा, माही यादव और जीनत सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।प्रतियोगिता में बहराइच, गोंडा और बलरामपुर के व्यायाम शिक्षक व खेल अधिकारी मौजूद रहे।

