बलरामपुर। मुस्लिम समाज में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने, युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने को लेकर सोमवार को राजधानी के होटल क्लार्क अवध में विचार गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों ने मौजूदा चुनौतियों पर चर्चा करते हुए शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया।कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके अलावा शहर के वरिष्ठ बुद्धिजीवी, मुस्लिम धर्मगुरु, पूर्व आईएएस और आईपीएस अधिकारी, चिकित्सक, इंजीनियर तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
समाज के विकास का नया एजेंडा तैयार
वक्ताओं ने कहा कि समाज की तरक्की के लिए शिक्षा, जागरूकता और आर्थिक मजबूती तीनों क्षेत्रों में समान रूप से काम करने की आवश्यकता है। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक और तकनीकी शिक्षा के बिना युवाओं के लिए बेहतर रोजगार के अवसर हासिल करना आसान नहीं है। इसलिए समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास तेज किए जाने चाहिए। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने और उनका लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया।
सशक्त समाज के लिए शिक्षा सबसे बड़ा हथियार
इस दौरान कांग्रेस नेता हसीब खान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा मुस्लिम, दलित, शोषित और वंचित वर्गों के हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के शासनकाल में अल्पसंख्यक समाज को विभिन्न संवैधानिक और प्रशासनिक पदों पर प्रतिनिधित्व मिला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और ऐतिहासिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।बैठक में मौजूद वक्ताओं ने सामाजिक एकजुटता, शिक्षा के विस्तार और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।उनका कहना था कि यदि समाज का प्रत्येक वर्ग शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ेगा तो समग्र विकास का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकेगा।कार्यक्रम के अंत में समाज के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर आगे भी नियमित संवाद जारी रखने और शिक्षा व रोजगार के क्षेत्र में जनजागरूकता अभियान चलाने पर सहमति व्यक्त की गई।
