बलरामपुर। शहर की वर्षों पुरानी जाम की समस्या अब खत्म होने की दिशा में बढ़ रही है। झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर दो लेन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य 7 अगस्त से शुरू होगा। सुबह 10 बजे भूमि पूजन के बाद तुलसीपुर मार्ग की ओर पिलर निर्माण का काम शुरू किया जाएगा। करीब दो वर्ष में परियोजना पूरी होने का लक्ष्य रखा गया है।यह आरओबी बलरामपुर-श्रावस्ती-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर गोंडा-बलरामपुर रेल सेक्शन के अंतर्गत बलरामपुर और झारखंडी रेलवे स्टेशन के बीच समपार संख्या-136 स्पेशल/3-ई पर बनाया जाएगा। इसके तैयार होने के बाद शहर के सबसे व्यस्त रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को राहत मिलेगी।
भूमि पूजन के साथ शुरू होगा पिलर निर्माण
झारखंडी मंदिर के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर दिनभर में करीब 15 बार फाटक बंद होता है। ऐसे में वीर विनय चौराहे से लेकर पीपल तिराहे तक वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यापारियों और यात्रियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। ओवरब्रिज बनने के बाद बिना रुके आवागमन संभव होगा और यातायात पहले की तुलना में अधिक सुगम हो जाएगा।निर्माण कार्य शुरू होने से पहले प्रशासन ने प्रभावित भवनों और दुकानों का सर्वे तेज कर दिया है। नगर पालिका परिषद और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम सड़क किनारे स्थित मकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का स्वामित्व सत्यापित कर रही है। भवन स्वामियों से नक्शा, भूमि अभिलेख, जलकर व गृहकर की रसीद, बिजली बिल, जबकि दुकानदारों से पंजीकरण और टिन नंबर मांगे जा रहे हैं। सभी प्रभावितों को एक सप्ताह के भीतर निर्धारित प्रपत्र भरकर लेखपाल के पास जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

114 प्रभावितों का सर्वे तेज
प्रशासन के अनुसार, अब तक 114 प्रभावित लोगों की सूची तैयार की गई है। जांच के दौरान कई ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जहां कब्जा तो है, लेकिन भूमि स्वामित्व के वैध अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं। रेलवे क्रॉसिंग की दाहिनी ओर स्थित अधिकांश दुकानें पट्टे की भूमि पर बनी हैं, जिन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी। वीर विनय चौराहे के पास नगर पालिका की भूमि पर अस्थायी ढाबली लगाकर रोजगार कर रहे लोगों को भी हटाया जाएगा।
वैध दस्तावेज वालों को ही मिलेगा मुआवजा
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि केवल वैध दस्तावेज रखने वाले वास्तविक स्वामियों को ही नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। भूमि पूजन के साथ ही उत्तर प्रदेश सेतु निगम निर्माण कार्य शुरू करेगा और निर्धारित समय सीमा में परियोजना पूरी करने का प्रयास करेगा। सर्वे एवं सत्यापन कार्य में नायब तहसीलदार संतोष राम यादव, लेखपाल पुनीत मिश्र तथा नगर पालिका के आनंद तिवारी, अनिल कुमार समेत अन्य कर्मचारी जुटे हैं।सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि झारखंडी रेलवे ओवरब्रिज बलरामपुर के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके बनने से शहर को जाम से स्थायी राहत मिलेगी, साथ ही व्यापार, परिवहन और आम जनजीवन को नई गति मिलेगी।
