लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को जल्द ही एक नई पहचान मिलने जा रही है। गोमती नगर स्थित सहारा शहर क्षेत्र में कमल (लोटस) के आकार से प्रेरित अत्याधुनिक विधानसभा परिसर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। करीब 200 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाले इस हाईटेक विधायी परिसर में विधानसभा, विधान परिषद और संयुक्त सत्र के लिए अलग-अलग भवन बनाए जाएंगे।प्रस्ताव के अनुसार, निर्माण कार्य अगले वर्ष शुरू होने की संभावना है। नया विधानसभा परिसर मौजूदा विधानसभा भवन की जगह नहीं लेगा, बल्कि भविष्य की प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए एक नए केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
200 एकड़ में हाईटेक विधायी परिसर का प्रस्ताव
करीब एक सदी पुराने वर्तमान विधानसभा भवन में आधुनिक तकनीक, सुरक्षा और बढ़ती जरूरतों के अनुसार विस्तार की सीमाओं को देखते हुए नए परिसर की योजना बनाई गई है। प्रस्तावित भवन में विधानसभा के लिए 700 सीटों, विधान परिषद के लिए 200 सीटों और संयुक्त सत्र के लिए 1000 सीटों वाले अत्याधुनिक हॉल की व्यवस्था होगी।इसके अलावा परिसर में पांच हजार से अधिक वाहनों की पार्किंग, प्रशासनिक कार्यालय, डिजिटल कंट्रोल सिस्टम, चौड़ी सड़कें, हरित क्षेत्र और आधुनिक सुरक्षा सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
भारतीय संस्कृति से जुड़ी होगी डिजाइन थीम
नई विधानसभा का डिजाइन कमल के फूल से प्रेरित होगा। कमल को भारतीय संस्कृति में पवित्रता, विकास और नई ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। इसी थीम पर पूरे परिसर को तैयार करने की योजना है, जिससे यह भवन प्रशासनिक केंद्र के साथ-साथ राजधानी की नई वास्तुकला पहचान भी बनेगा।
गोमती नगर बनेगा बड़ा प्रशासनिक केंद्र
डिफेंस कॉरिडोर, आईटी सिटी, आउटर रिंग रोड और एक्सप्रेसवे जैसी बड़ी परियोजनाओं के बाद नया विधानसभा परिसर भी लखनऊ के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इसके बनने के बाद गोमती नगर क्षेत्र प्रदेश के प्रमुख प्रशासनिक केंद्रों में शामिल हो सकता है।सरकार की योजना है कि सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाए। नया विधायी परिसर आने वाले कई दशकों तक प्रदेश की जरूरतों को पूरा करने के साथ लखनऊ के प्रमुख लैंडमार्क के रूप में स्थापित हो सकता है।

