लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस से छह दिन पहले रविवार को राजधानी लखनऊ देशभक्ति के रंग में नजर आई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मुख्यमंत्री आवास से विधान भवन तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में 30 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। स्कूली बच्चों और युवाओं के हाथों में तिरंगा और जुबां पर भारत माता की जय के नारे रहे। मुख्यमंत्री आवास से यात्रा शुरू होने के बाद सिविल अस्पताल होते हुए विधान भवन तक रास्ते में लोगों की भीड़ जुटती गई। कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यात्रा में शामिल विद्यार्थियों का स्वागत किया। पूरे मार्ग पर तिरंगे लहराते नजर आए और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंजता रहा।
तिरंगा लेकर कदमताल करते दिखे हजारों बच्चे
यात्रा में सरकारी और निजी विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। बच्चों में तिरंगा लेकर चलने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की दो छात्राएं मुख्यमंत्री के साथ तिरंगा लेकर कदमताल करती रहीं। बच्चों ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का संकल्प भी लिया।

विधान भवन से हजरतगंज तक 2 हजार फीट लंबा तिरंगा
कार्यक्रम के दौरान विधान भवन के पास एक निजी डिफेंस एकेडमी के विद्यार्थियों ने करीब 2 हजार फीट लंबे तिरंगे के साथ मानव शृंखला बनाई। विधान भवन से हजरतगंज चौराहे तक विद्यार्थियों ने कतारबद्ध होकर तिरंगे को थामे रखा। यह दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
युवाओं ने बताया तिरंगे से जुड़ा गर्व
तिरंगा यात्रा में शामिल विद्यार्थियों और युवाओं ने इसे गौरव का क्षण बताया। प्रतिभागियों ने कहा कि हाथ में तिरंगा लेकर हजारों लोगों के साथ चलने से राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सम्मान की भावना और मजबूत हुई। सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने भी तिरंगा यात्रा को प्रेरणादायक बताया। अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में निकली यात्रा में बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों की भागीदारी ने इसे व्यापक जनभागीदारी का रूप दिया। स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी में निकली तिरंगा यात्रा ने लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

